अमेठी में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस टीम ने 11 लाख रुपये कीमत के 75 मोबाइल फोन खोज निकाले हैं। शनिवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बरामद मोबाइल उनके असल मालिकों को सौंपे। मोबाइल लौटने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिले में आए दिन मोबाइल गुम या चोरी होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार लोग बाजार, बस या भीड़भाड़ वाले इलाकों में फोन भूल जाते हैं। मोबाइल चोरी या गुम होने के बाद लोग संबंधित थाने में प्रार्थना पत्र देते हैं, जिसके आधार पर सर्विलांस सेल ने विशेष अभियान शुरू किया। टीम प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने गुम हुए मोबाइल की खोज के लिए लगातार प्रयास किया। मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर विभिन्न जिलों में दबिश दी गई। कड़ी मेहनत के बाद टीम ने 75 मोबाइल बरामद कर पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट सौंपी। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि इन मोबाइलों में कई ऐसे भी हैं जो एक साल से अधिक समय से गायब थे। कार्यक्रम के दौरान एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि गुम मोबाइल मिलने से न केवल लोगों को राहत मिली है बल्कि पुलिस पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने सर्विलांस टीम की मेहनत की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। एएसपी ने अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाए ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।