अमेठी में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का असर स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। थोड़ी सी लापरवाही व बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण उन्हें बीमार बना रही है। बालरोग विशेषज्ञ की ओपीडी में खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में परचा, दवा काउंटर, ओपीडी, पैथोलॉजी में मरीजों की कतार दिखी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक उज जमा की ओपीडी के बाहर अपने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। राधीपुर निवासी शिव देवी ने बताया कि उनके बेटी अन्नू को तीन दिन से बुखार है। मौसम ठंडा होने के कारण तीन दिन से वह बुखार से पीड़ित है। यह सुबह नौ बजे आ गई थी। एक घंटे परचा कटवाने में लगा। चिकित्सक के यहां दो घंटे से परचा जमा किया है, अभी नंबर नहीं आया।