अमेठी के टीकरमाफी कस्बा में रविवार को व्यापारियों ने दुकान बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने होली के दिन व्यापारी ओमप्रकाश मोदनवाल और लवकुश से बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने चौकी प्रभारी और सिपाहियों पर बदसलूकी का आरोप लगाया। पीड़ित व्यापारी ओमप्रकाश मोदनवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम चौकी प्रभारी और सिपाही उनकी दुकान पर आए। दुकान के सामने बैठे रिश्तेदार बेटे-बहू और बेटियों के साथ अभद्रता करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो थाने ले जाकर बंद करने की धमकी देने लगे। व्यापारी सूरज मोदनवाल ने बताया कि दिन में डीजे बजाने को लेकर चौकी प्रभारी ने अभद्रता कर डीजे बंद करवा दिया था। आरोप है कि स्वामी परमहंस आश्रम में आयोजित मेले में भी चौकी प्रभारी शाम को अभद्रता कर जबरन दुकान बंद करवा दिए थे। प्रीति मोदनवाल ने बताया कि होली की रात उनकी दुकान बंद थी। लेकिन, शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी घर आकर दुकान बंद करने के लिए गाली-गलौज करने लगे। घर के सामने बैठे पति और परिवार के अन्य सदस्यों को पीटते हुए जबरन घर के अंदर धकेल दिया। विरोध करने पर अपशब्द कहे। जबरन गाड़ी में बैठाकर चौकी ले जाने लगे। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष व टीकरमाफी बाजार प्रभारी देवचंद्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोप लगाया कि टीकरमाफी चौकी प्रभारी ने शराब के नशे में व्यापारियों के साथ अभद्रता की है। पुलिस के उच्चाधिकारियों के समक्ष मामले की शिकायत की गई है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापारी लगातार विरोध प्रदर्शन करेंगे।