अमेठी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज में शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री अप्रेंटिस/रोजगार मेले ने युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल दिए। मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 97 अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया, जिनमें से 39 युवाओं का चयन विभिन्न संस्थानों में हुआ। नोडल प्रधानाचार्य विवेक कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में निजी और सरकारी क्षेत्र की संस्थाओं ने भाग लेकर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद नोएडा स्थित डिक्सन टेक्नोलॉजी लिमिटेड ने सर्वाधिक 35 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चुना। वहीं, अडानी एसीसी लिमिटेड टिकरिया, गौरीगंज ने दो और सिंचाई विभाग गौरीगंज ने भी दो अभ्यर्थियों का चयन किया। मेले में डिक्सन टेक्नोलॉजी के एचआर किशोर शुक्ला सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। रोजगार पाने वाले युवाओं के चेहरे पर सफलता की खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप प्रभारी अनिल कुमार मिश्र, सहायक प्रभारी भारत भूषण मिश्रा, दिवाकर मिश्र, रविकांत मिश्र समेत संस्थान के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।