अमेठी में प्रकाश गैस एजेंसी पर हुई कार्रवाई के बाद असमंजस में पड़े उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए शहर के ककवा रोड स्थित देव मैरिज लान में अस्थायी गैस वितरण केंद्र बनाया है। बताया गया कि, प्रकाश गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता आज इसी केंद्र पर पहुंचकर गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं को नई डीएसई (डिलीवरी स्लिप/कोड) जारी की गई है, वे संबंधित स्थान पर जाकर गैस ले सकते हैं। पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि एजेंसी पर कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक वितरण व्यवस्था की गई है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थान पर पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ गैस प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आगे भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो। गौरतलब है कि एजेंसी पर कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के सामने गैस प्राप्त करने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।