अमेठी में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के पांच केंद्रों पर होगी। दो पालियों में कुल 2008 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सघन जांच के बीच एक घंटे पूर्व से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। सिर्फ प्रवेशपत्र, बॉलपेन, पहचानपत्र व एक फोटो ही अभ्यर्थी अपने पास रखें। जिले में राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सोनारीकला, रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज, रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी और इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।प्रथम पाली में परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व आठ बजे से प्रवेश दिया जाएगा। द्वितीय पाली में दोपहर एक बजे से प्रवेश शुरू हो जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए तहसील स्तरीय सचल दल का गठन संग स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रतिनिधियों को रिजर्व में रखा गया है। शनिवार को केंद्रों पर सीटिंग व्यवस्था संग अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई थी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षकों व अन्य किसी भी स्टाफ को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है।