कहने को इस पार्क का नाम ऑक्सीजन पार्क है। सुबह-शाम यहां बड़ी तादात में स्वर्ण जयंती नगर व आसपास की कालोनियों के वाशिंदे शुद्ध ऑक्सीजन लेने की गरज से टहलने आते हैं। मगर पार्क के क्षेत्र व आसपास कालोनी में उफान ले रहीं समस्याएं आक्सीजन का दम तोड़ती नजर आ रही हैं। ये बातें 26 जुलाई को स्वर्ण जयंती नगर व उससे जुड़ी कालोनियों के वाशिंदों ने अमर उजाला द्वारा ऑक्सीजन पार्क में आयोजित संवाद में कहीं। जब टीम अमर उजाला इलाके की समस्याएं जानने वहां पहुंची तो यहां नियमित टहलने आने वाले व कालोनी में रहने वालों ने खुलकर आवाज बुलंद की। कहा कि सबसे बड़ी समस्या एडीए व नगर निगम के बीच समन्वय का अभाव है। चूंकि यह कालोनी एडीए द्वारा विकसित की गई। एडीए ने इसे हस्तांतरित तो कर दिया। मगर नगर निगम इस तरफ ध्यान कम देता है।