मंगलायतन विश्वविद्यालय में 8 यूपी बटालियन एनसीसी का प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हो गया। कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत की गई देश भक्ति व बृज संस्कृति की झलकियों को खूब सराहा गया। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र के लिए विश्वास और शक्ति का प्रतीक बनकर उभरे हैं। यहां जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वह केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन की दिशा है। प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने जबरदस्त उत्साह और तालमेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता जूनियर डिवीजन ड्रिल में बाबू लाल जैन इंटर कालेज की टीम प्रथम, डीएबी इंटर कालेज द्वितीय स्थान पर रही। सीनियर डिवीजन में धर्म समाज कालेज प्रथम व वार्ष्णेय डिग्री कालेज दूसरे स्थान पर रही। टेंट पिचिंग, गार्ड आफ आनर, मार्च पास्ट जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया। पूर्व सीनियर कैडेट्स भाग्यश्री, गरिमा, चारु शर्मा, शुभम, ध्रुव शर्मा, बाबू ने अपने अनुभव साझा किए। अग्निवीर भर्ती के लिए गर्गी कौशिक ने विषयों को सरलता से समझाया। समापन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान प्रो. सिद्धार्थ जैन, डा. जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र सिंह, सतीश कुमार, पंकज कुमार, राकेश कुमार, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।