आगरा के मलपुरा में चाहरवाटी क्षेत्र के गांव मुरकिया में बुधवार को कुश्ती दंगल आयोजित हुआ। दोपहर करीब 2 बजे से शुरू हुए दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। दर्शकों में काफी उत्साह और रोमांच देखने को मिला। एक लाख रुपये के इनाम की आखिरी कुश्ती भारत केसरी भोला पहलवान हरियाणा और भारत केसरी अंकित पहलवान मथुरा के बीच बराबरी पर छूटी। आखिरी मुकाबला करीब 20 मिनट तक चला। दंगल में दोपहर से देर शाम तक सैकड़ों कुश्तियां हुईं। दंगल की शुरुआत 100 रुपये की कुश्ती से हुई। पहलवानों ने धोबी पछाड़, ढाक जैसे दांव आजमाए। आयोजक राजकुमार चाहर (डब्लू) ने बताया कि यह दंगल हर वर्ष होता है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लाल प्रधान ने संचालन किया जबकि सन्नू पहलवान और पवन रेफरी रहे। इस दौरान समाजवीर सिंह, राज चाहर, प्रमोद चाहर, सुरेंद्र चौधरी, नरेंद्र चाहर, सोनू चौधरी, ठा.राजवीर सिंह और अंगद धारिया आदि मौजूद रहे।