कान्हा की नगरी श्रीधाम वृंदावन में कार्तिक मास में मंगलवार को मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में श्रीधाम के सप्त देवालयों में से एक ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के अंग सेवक दामोदरचंद्र गोस्वामी महाराज ने बताया कि ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ अन्नकूट महोत्सव व गिर्राज महाराज के पूजन का आयोजन किया गया। ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में स्वयं ही गिर्राज शिला मौजूद है। इस शिला पर चार चिन्ह भी अंकित है। इसमें ठाकुर जी के चरण चिन्ह, गाय के चरण चिन्ह, ठाकुर जी की लाठी एवं बांसुरी का चिन्ह स्पष्ट दिखाई देता है। सुबह प्रातः कालीन बेला में इस शिला का पंचामृत से अभिषेक किया गया। वहीं मध्यकालीन बेला में कोलकाता से आए गोविंद भोग चावलों से गिर्राज महाराज का स्वरूप बनाया गया। वहीं कई मन सब्जी विभिन्न प्रकार के 56 भोग, पापड़, चटनी एवं सैकड़ो प्रकार के पकवान बनाए गए। इनको ठाकुर जी को भोग स्वरूप अर्पित किया गया।