आगरा में सनसनीखेज राज चौहान हत्याकांड के बाद यमुनापार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। अपराध पर लगाम लगाने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ थाना ट्रांस यमुना और एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।