आगरा के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बुधवार से पांच दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में डीएलएड प्रशिक्षुओं को एआई के उपयोग, मशीन लर्निंग और स्मार्ट लर्निंग की जानकारी दी गई। डायट में पांच दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यशाला का शुभारंभ डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, पुलिस उपाधीक्षक अभय डागा और उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट अनिरुद्ध यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में खुद को अपडेट रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखना जरूरी है। उन्होंने एआई के अध्ययन और आंकलन में इसके प्रयोग पर जोर दिया। प्रथम सत्र में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रज्ञा कावरा ने एआई के इतिहास, महत्व और प्रमुख टूल की जानकारी दी। दूसरे सत्र में डॉ. प्रतिभा रश्मि ने मशीन लर्निंग, स्मार्ट लर्निंग और रिसर्च में उपयोग पर चर्चा की। संचालन डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने किया। यशवीर सिंह ने आभार जताया। इस दौरान डॉ. राजेश लवानिया, डॉ. गणेश चंद्र, अनिल कुमार, कल्पना सिन्हा, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता, हिमांशु सिंह, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, संजीव कुमार सत्यार्थी, यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अबू मोहम्मद आसिफ आदि माैजूद रहे।