आगरा के अकोला में गहर्रा खुर्द खरीद केंद्र पर बाजरे की तौल नहीं होने से सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसान नेत्री सावित्री देवी चाहर के साथ किसानों ने खरीद केंद्र पर जमकर हंगामा किया। तौल के लिए 5 से 8 हजार रुपये वसूले जाने का आरोप लगाया। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने किसानों को समझाकर शांत कराया। वहीं, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने खरीद केंद्र पर पहुंचकर किसानों की समस्या सुनीं। राज्यसभा सांसद ने बताया कि जिसे के सभी खरीद केंद्रों पर किसानों का बाजरा नहीं खरीदा जा रहा है। व्यापारियों का बाजरा खरीदा जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों ने विपणन अधिकारी पर वसूली का आरोप भी लगाया है। वहीं हंगामा करने वाले किसानों ने 5 से 8 हजार रुपये वसूलने के बाद भी तौल नहीं होने, तौल में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि टोकन नंबर मिले एक हफ्ता हो गया। अभी तक बाजरा नहीं खरीदा जा सका है। तौल कराने के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली में बाजरा लेकर खरीद केंद्र पर परेशान हैं। वहीं, हंगामा होता को देखकर खरीद केंद्र पर तैनात विपणन अधिकारी वहां से चले गए। इस दौरान हाकिम सिंह कुशवाह, दिनेश सोलंकी, इंद्रजीत, आकाश यादव, प्रमोद कुशवाह, हंसराज चाहर, अंतर्देशी आदि लोग मौजूद रहे। वहीं, विपणन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि 12,500 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 10,850 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। किसानों की ओर से लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। तौल के लिए किसी भी किसान से कोई वसूली नहीं की गई है।