आगरा छावनी क्षेत्र में जल्द ही सड़क, फुटपाथ, जल निकासी और सार्वजनिक सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। छावनी बोर्ड की सामान्य बैठक में करीब 93.51 लाख रुपये की लागत से 15 विकास और मरम्मत कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों के तहत नालियों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग सड़क व फुटपाथ, सार्वजनिक शौचालयों का जीर्णोद्धार, स्टाफ क्वार्टर, गेस्ट हाउस और छावनी परिषद कार्यालय की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही कई जर्जर शौचालयों का पुनर्निर्माण और नए शौचालय भी बनाए जाएंगे। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी, साफ-सफाई बेहतर होगी, पैदल चलना आसान होगा और नागरिक सुविधाएं पहले से अधिक व्यवस्थित हो सकेंगी। 22 जून को हुई छावनी बोर्ड की सामान्य बैठक में छावनी क्षेत्र के विकास से जुड़े 15 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।