आगरा। हनुमान भक्त दीप्ति शर्मा के लिए मंगलवार का दिन बेमिसाल साबित हुआ। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में आगरा की बेटी ने इतिहास रचते हुए टी-20 में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज का गौरव हासिल कर लिया। मैच के दौरान दीप्ति ने एक विकेट लिया और 152 विकेट के साथ दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट को पीछे छोड़ दिया। मेगन ने 123 मैचों में 151 विकेट लिए हैं। वहीं दीप्ति का यह 133वां मैच था। दीप्ति की इस ऐतिहासिक सफलता पर आगरा स्थित उनके निवास पर खुशी का माहौल रहा। पिता श्रीभगवान शर्मा ने कहा कि बेटी ने मेहनत, अनुशासन और विश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। हमें उस पर गर्व है। माता सुशीला शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि हनुमानजी की कृपा से दीप्ति ने यह रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार का दिन हमारे परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा। दीप्ति के भाई सुमित शर्मा ने भी खुशी जताते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड उनकी बहन के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वूमेंस प्रीमियर लीग में भी दीप्ति शानदार प्रदर्शन करेंगी।