आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूल बस में आग लग गई। बस में काफी संख्या में बच्चे सवार थे। बस से उठीं आग की लपटों को देख चीख पुकार मच गई। बच्चों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना सिकंदरा के गुरुद्वारा के सामने नेशनल हाइवे पर शुक्रवार दोपहर की घटना है। बताया गया है कि भारतीय बाल विद्या भवन की बस बच्चों को स्कूल से लेकर आ रही थी। अचानक ही बस से आग की लपटें उठने लगीं, जिन्हें देख बच्चों में चीख पुकार मच गई। बस में सवार दो दर्जन से अधिक बच्चों ने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं बस में आग लगने की सूचना पर थाना सिकंदरा पुलिस के साथ स्कूल का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।