आगरा। स्वास्थ्य विभाग 23 मार्च से बालिकाओं को एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगाने जा रहा है। इसके लिए 18 केंद्र बनाए हैं, इन पर 700-700 वैक्सीन भेजी जा रही हैं। 14-15 साल की बालिकाओं को एंटी सर्वाइकल वैक्सीन की एक डोज लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 14 से 15 साल की 55,787 बालिका हैं। इनको एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए शहर में एसएन मेडिकल कॉलेज, लेडी लॉयल और जिला अस्पताल केंद्र बनाए गए हैं। देहात में सभी 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन लगेगी। 23 मार्च को लेडी लॉयल पर कैंप शुरू होगा, इसके बाद चरणबद्ध केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए हर केंद्र पर 700-700 वैक्सीन भेजी जा रही हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि बालिकाओं के आधार कार्ड में उम्र देखकर नोडल केंद्रों पर वैक्सीन लगेगी। इसके लिए मौके पर ही पंजीकरण भी किया जाएगा। ये वैक्सीन खत्म होने पर दूसरे चरण में और मंगाई जाएंगी।