इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बृहस्पतिवार को यूपी एनर्जी एक्सपो-2026 का आगाज हुआ। सात से नौ मई तक चलने वाले इस एक्सपो का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। प्रदेश में सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी भी लगी। इसमें देश की बड़ी ऊर्जा कंपनियों, वैकल्पिक ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल हुए। एक्सपो में सौर ऊर्जा (सोलर एनर्जी), बैटरी स्टोरेज, ईवी चार्जिंग और अन्य पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश ने वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से छलांग लगाई है। प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा और रिन्यूबल एनर्जी के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के विवेक अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में सौर ऊर्जा क्षेत्र में बहुत संभावनाएं है। उत्तर प्रदेश को ऊर्जा प्रदेश बनाया जा सकता है। इसमें रोजगार के बेहतर अवसर युवाओं को मिलेंगे। अब युवाओं को कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आशीष गुलाटी ने बताया कि आने वाले दो से तीन वर्षों में युवाओं के लिए इस क्षेत्र लाखों नौकरियां होंगी। एक्सपो में कई कंपनियों ने सौर ऊर्जा से संबंधित अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई है। लोगों को उत्पाद, उससे होने वाले लाभ के बारे में बताया गया।