फिरोजाबाद हाईवे पर एत्माद्दौला स्थित गोयल हॉस्पिटल के पास सोमवार रात को बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई। दो बार हवा में घूमने के बाद कार दूसरी तरफ डिवाइडर से टकराई। कार से एक वाहन भी टकरा गया। अच्छी बात यह रही कि कार में सवार चार लोग एयरबैग खुलने की वजह से बच गए। यहां की है घटना हादसा रात करीब 12:30 बजे का है। छलेसर की तरफ से कार रामबाग की ओर जा रही थी। गोयल हॉस्पिटल के पास एक ट्रक के आगे निकलते ही डिवाइडर से टकरा गई। इससे वह हवा में उछली और दो बार घूमी। इसके बाद हाईवे पर सर्विस रोड के डिवाइडर से टकरा गई। पीछे एक वाहन भी आ रहा था। उसके चालक ने ब्रेक लगा दिए फिर भी वह मामूली रूप से टकरा गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। कार में चार लोग सवार थे। उन्हें मामूली चोट लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार के पहिये और इंजन बाहर निकल गए। सीसीटीवी आया सामने घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। यह मंगलवार को वायरल हो गया। हादसा देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस का कहना है कि युवक नोएडा से आ रहे थे। उन्होंने किसी तरह की सूचना नहीं दी है। हादसा डिवाइडर से कार के टकराने की वजह से हुआ। घायलों के बारे में पता किया जाएगा।