पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की पोल खोलने और आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए प्रतिनिधिमंडल में शामिल घोसी सांसद राजीव राय गुरुवार को विदेश रवाना हुए। प्रतिनिधिमंडल रूस, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया और लातविया देशों का दौरा कर भारत सरकार का पक्ष रखेगा। विदेश रवाना होने से पहले घोसी सांसद राजीव राय ने बताया कि “हमारा प्रतिनिधिमंडल रूस, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया और लातविया जाएगा। हम देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए भारत के प्रतिनिधि के तौर पर जा रहे हैं। हम पहलगाम हमले से लेकर युद्ध विराम तक हर घटना के बारे में इन देशों को तथ्य बताएंगे। हम ऐसे देश से आते हैं जो शांति और अहिंसा को बढ़ावा देता है। पहलगाम आतंकवादी हमले से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक की सभी घटनाओं के बारे में दुनिया को बताएंगे। बताया कि 22 मई को मास्को पहुंचेंगे, जहां 23 मई को मास्को में भारत सरकार का पक्ष रखेंगे, इसके बाद वहां से अन्य प्रस्तावित देशों की यात्रा करेंगे।