गदनखेड़ा स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया। कहा कि पहले पाकिस्तान नहीं था। आगे भी ऐसी परिस्थितियां बन रही हैं कि जब लोग कहेंगे कि कभी पाकिस्तान भी हुआ करता था। सांसद ने कहा कि पाकिस्तान की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। पाकिस्तान विनाश की ओर बढ़ रहा है और जिस तरह की राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता वहां देखने को मिल रही है, उससे उसका अस्तित्व खतरे में है। ऐसी परिस्थिति बन रही है कि वह दुनिया के नक्शे से भी गायब हो सकता है। कहा कि अमेरिका और उसके मित्र देश पाकिस्तान को लगातार समझा रहे हैं, लेकिन वहां की सरकार विनाश काले विपरीत बुद्धि की राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुद अपनी तबाही की पटकथा लिख रहा है। सेना पर सवाल उठाने वालों को भी साक्षी महाराज ने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगते हैं, उन्हें अगली एयर स्ट्राइक में राफेल विमान में बैठाकर भेजा जाना चाहिए। साथ में कैमरा भी दिया जाए ताकि वे खुद फोटो खींच सकें। कहा कि जब सेना देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देती है, तब कुछ लोग राजनीति करने लगते हैं। सेना का मनोबल गिराना नहीं, बल्कि उसे सम्मान देना और बढ़ावा देना हर नागरिक का कर्तव्य है।