पुरवा कोतवाली में तैनात एक दरोगा को लखनऊ की एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया। दरोगा ने भागने की कोशिश भी की लेकिन टीम ने घसीटते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। मौरावां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दरोगा मार्ग दुर्घटना के मुकदमे में आरोपी का नाम निकालने के बदले घूस ले रहा था। अचलगंज थानाक्षेत्र के पड़री कला निवासी मनोज कुमार पांडेय ने आठ मई 2024 को पुरवा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बिछिया से लौट रहे पिता नरेंद्र कुमार की साइकिल में वैन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पिता के दोनों पैर और जबड़े में फ्रैक्चर हो गया था। वैन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। इसकी विवेचना पुरवा कोतवाली में तैनात दरोगा राजेंद्र सरोज कर रहे थे।