यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार को जिले में 80 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। पहली पाली में हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान विषय की परीक्षा दी तो दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र का पेपर हुआ। परीक्षा के दौरान सचल दल की टीमें केंद्रों का चक्रमण करती रहीं। कंट्रोल रूम से भी केंद्रों की निगरानी हुई। किसी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। हाईस्कूल की परीक्षा के लिए सुबह पहली पाली में 27041 छात्र-छात्रा पंजीकृत रहे। सुबह साढ़े सात बजे से ही परीक्षार्थी केंद्रों पर एकत्रित होने लगे थे। गेट पर तलाशी के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। मुख्य विषय की परीक्षा में संख्या अधिक होने के कारण केंद्रों पर भी अतिरिक्त सतर्कता रही। विज्ञान में कुल 24987 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। अनुपस्थित रहने वालों में 1318 छात्र और 736 छात्राएं थीं। वहीं दूसरी पाली में रसायन विज्ञान और समाज शास्त्र विषय की परीक्षा में 13910 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इसमें 13171 परीक्षा में शामिल हुए। कुल 739 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि सकुशल ढंग से परीक्षा संपन्न हुई है। सचल दल लगातार निगरानी करते रहे। किसी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।