नया सत्र शुरू होने वाला है। ऐसे में स्कूल वैन या बस में चालक या परिचालक की गतिविधियां संदिग्ध लगे तो इसके बारे में अपने परिवार व स्कूल में चर्चा अवश्य करें। कोई गलत तरीके से छूने की कोशिश करें तो सहन करने के बजाय प्रतिरोध करें। शाहजहांपुर में यह बातें सीओ यातायात संजय कुमार ने शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मदरसा नुरुल हुदा में कहीं। वह बोले कि पिछले वर्ष 837 लोगों ने सड़क हादसों में अपनी जान गवां दी। यातायात के नियमों का पालन नहीं करने से हादसा होने का डर बना रहता है। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया पर सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि एक हादसा पूरे परिवार को बर्वाद कर देता है। अधिकतर हादसे ओवरटेक करने की वजह से होते हैं। बच्चों के माध्यम से ही लोगों को जागरूक कर सकते हैं। परिवार के सदस्य के वाहन लेकर निकलने पर उसे हेलमेट जरूर दें।