मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के गंगधाड़ी गांव में बृहस्पतिवार रात एक युवक ने अपने सिर पर डीजल डालकर खुद को आग लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि युवक की पहले पिटाई की गई थी, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही थाना प्रभारी खतौली को मामले के हर पहलू की जांच के निर्देश दिए। पुलिस जांच में सामने आया कि पिटाई के बाद युवक रात में आरोपियों के घर के सामने पहुंचा और वहीं खुद को आग लगा ली। पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।