मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर में गुरुवार को एक महिला ने ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, महिला का नाम अमरीन है, जिसकी शादी कुछ साल पहले आस मोहम्मद से हुई थी। दोनों की दो बेटियाँ हैं। परिजनों का आरोप है कि बेटियाँ होने के कारण आस मोहम्मद पत्नी अमरीन से नाराज़ रहता था और अक्सर दूसरी शादी की धमकी देता था। विवाद के चलते अमरीन मायके चली गई थी। इसी बीच उसे पता चला कि उसके पति ने किसी और से दूसरा निकाह कर लिया है। जब अमरीन ने इस बारे में पति से बात की तो दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आस मोहम्मद ने अमरीन को फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। इस सदमे से आहत अमरीन ने ज़हरीला पदार्थ खा लिया। परिवारवालों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उधर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।