मेरठ। बृहस्पतिवार को किठौली गांव में मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रयत्न फाउंडेशन, अंतरराष्ट्रीय सनातन ट्रस्ट और समाजसेविका करूणा की संयुक्त पहल से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सैनिटरी पैड के सही उपयोग, रखरखाव और सुरक्षित निपटान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही एक जागरूकता पुस्तक का विमोचन और स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पदक से अलंकृत वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सरबजीत सिंह कपूर ने की। उन्होंने कहा कि समाज में अभी भी मासिक धर्म को लेकर रूढि़वादी सोच बनी हुई है। पुरूषों को इस विषय पर खुलकर बात करनी चाहिए, तभी महिलाओं को स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय सनातन ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. शुचि गुप्ता ने महिलाओं और किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि अस्वच्छता से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। समाजसेविका करूणा ने सैनिटरी पैड के सही उपयोग और सुरक्षित डिस्पोजल के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को हर घर तक पहुंचाने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों और वैज्ञानिक जानकारियों वाली पुस्तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं व किशोरियों को स्वच्छता किट वितरित की गई। ग्राम प्रधान विनोद कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ।