पांच माह से अंडरपास की मांग कर रहे परदहा ब्लाक के पिपरीडीह बाजार में रविवार को बीस से ज्यादा गांव के ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों के खिलाफ विरोध जताते हुए उनके लिए सद्धबुद्धी यज्ञ किया। उनका कहना है कि शायद इस यज्ञ से अधिकारियों को उनकी पीड़ा समझ में आ सके और वह जनहित में पिपरीडीह रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास का निर्माण कराए। जिससे बीस से ज्यादा गांव के हजारों लोगों को इससे लाभ मिल सकें। आनन्द सिंह, महेंद्र सिंह, शेषनाथ सिंह, बृजेश सिंह, अभयनाथ सिंह, गामा प्रजापति, हीरा राम प्रजापति, प्रमोद खरवार, सोनू सिंह, मिंटू सिंह, मनीष कुमार सिंह ने बताया कि बिना अंडरपास बनाए रेलवे द्वारा पिपरीडीह फाटक को बंद कर दिया। जिससे पिपरीडीह, हासपुर, मडैया, फुलवरिया, नई बस्ती, खरगजेपुर सहित बीस गांव के लोगों को इससे काफी दिक्कत हो रही है, आवाजाही के लिए लोगों को तीन से चार किमी अतिरिक्त की दूरी तय करनी पड़ रही है। अंडरपास की मांग को लेकर बीस गांव के ग्रामीणों द्वारा बीते पांच माह से प्रदर्शन किया जा रहा है। बीते लोकसभा चुनाव में भी मतदान का बहिष्कार किया गया था, लेकिन कोई सुनवाई होता न देखकर रविवार को सद्धबुद्धी यज्ञ के साथ धरना स्थल पर ही संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।बताया कि यज्ञ में शामिल ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुति देकर इस समस्या के समाधान हेतु उच्च रेलवे के अधिकारियों को बुद्धि देने की कामना की।