मथुरा के छाता क्षेत्र में रविवार सुबह करीब पांच बजे हुए कुदरत के कहर ने किसानों की कमर तोड़ दी है। छाता नगर सहित ग्रामीण अंचलों में हुई भीषण ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी और कटी रखी फसलों को तबाह कर दिया। मुख्य रूप से नरी सेमरी, बिलोठी, दाढ़ी गढ़ी, अलवाई और नगला ब्रिजा समेत दर्जनों गांवों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। गांव नरी निवासी किसान वीरी सिंह भगत ने बताया कि गेहूं की पकी हुई फसल कटाई के लिए तैयार थी, जो अब पूरी तरह चौपट हो चुकी है। इस बेमौसम आपदा से क्षेत्र का अन्नदाता गहरे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव में है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है।