मथुरा में रालोद नेता और पूर्व मंत्री तेजपाल सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने सरकार से उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा के कैबिनेट मंत्री चाैधरी लक्ष्मीनारायण द्वारा रालोद के गठबंधन से भाजपा का बंटाधार होने के बयान पर रालोद नेताओं ने पलटवार किया। सोमवार को रालोद ने बैठक बुलाई और मंत्री के बयान पर विरोध दर्ज कराया। रालोद नेता तेजपाल सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री रालोद के गर्भ से पैदा हुए हैं, वह उनकी जननी है। उन्होंने बिना सोचे समझे यह बयान दिया है। भाजपा को भी उन्होंने नहीं बख्शा। पूर्व मंत्री ने कहा कि सहयोगी पार्टी होते हुए भी मंत्री जी गठबंधन धर्म को निभाना नहीं जानते हैं और अपनी पार्टी को भी नहीं बख्शते हैं। उन्होंने ऐसे मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की।