इतनी सी बात हवाओं को बताए रखना, रोशनी होगी चिरागों को जलाए रखना, लहू देकर की है जिसकी हिफाजत हमने, ऐसे तिरंगे को हमेशा अपने दिल में बसाए रखना। इन पंक्तियों के साथ मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मथुरा पुलिस लाइन में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र, शैलेश कुमार पाण्डेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमर शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।