मथुरा के थाना गोविंद नगर में तैनात सिपाही को बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन टीम ने केस से नाम निकलवाने के लिए 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टीम सिपाही को गोविंद नगर थाने से फरह थाने लेकर आई। यहां एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि गोविंद नगर थाने में तैनात शुभम चौहान ने केस से नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी जानकारी एंटी करप्शन टीम को दी। बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन टीम अपने साथ पीड़ित को लेकर गोविंद नगर थाने पहुंची। यहां टीम ने पीड़ित को लिफाफे में 50 हजार रुपये दिए।