कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' शुक्रवार को वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं जहां उन्होंने ठाकुर जी के दर्शन कर मंदिर प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मिश्रा ने योगी सरकार के फैसले को "परंपरा विरोधी और विरासत को नष्ट करने वाला" बताया। उन्होंने कहा, “विकास के नाम पर संस्कृति और आस्था के केंद्रों को तोड़ा जा रहा है। पहले वाराणसी में हजारों शिवलिंगों को खंडित किया गया, जिनकी अब कोई सुध नहीं ले रहा। अब वही षड्यंत्र वृंदावन में दोहराया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही इस मुद्दे पर गोस्वामी समाज और व्यापारी वर्ग के साथ खड़ी है और सरकार की हर उस कोशिश का विरोध करेगी जो परंपराओं और धार्मिक विरासत को नुकसान पहुंचाती हो।