लखीमपुर खीरी जिले में बृहस्पतिवार की सुबह आंधी और बारिश ने निघासन क्षेत्र में तबाही मचा दी। गांव बम्हनपुर के मजरा कन्हईलाल पुरवा निवासी संतोष पुत्र गुरई की झोपड़ी गिर गई। संतोष और उनका परिवार झोपड़ी के नीचे ही दब गया। कड़ी मशक्कत के बाद पड़ोसियों की सहायता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि घर में रखी चारपाई, साइकिल, मिट्टी के डेहरिया में रखा अनाज समेत घर गृहस्थी का सामान छप्पर के नीचे दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित संतोष ने दुःखी मन से बताया कि वह लंबे समय से आवास योजना के लिए आवेदन कर रहे थे, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली। एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर हुए नुकसान का आंकलन कराकर दैवीय आपदा के अंतर्गत अनुमन्य आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।