लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व की गैंडा पुनर्वास योजना से छह गैंडों को इस माह स्वच्छंद विचरण के लिए जंगल में छोड़ा जाना है। इसके पहले वन विभाग ने जंगल से सटे क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में बुधवार को आसपास के कुछ गांवों में जागरूकता शिविर लगाए गए।
दुधवा में संचाचित गैंडा पुर्नवास योजना के अंर्तगत 52 गैंडा हैं, जिनमें से बीते वर्ष में चार गैंडों को स्वछंद विचरण के लिए जंगल में छोड़ा गया था। अब छह अन्य गैंडों को इस माह के अंत तक जंगल में छोड़ने की योजना है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए दुधवा के आस-पास बसे ग्रामीणों के आम जनमानस के लोगों को जागरूक किए जाने के लिए निरंतर दुधवा टाइगर रिजर्व के दुधवा बाघ संरक्षण फाउंडेशन में कार्यरत कार्मिकों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बुधवार को फाउंडेशन के मोटिवेटर धनीराम के नेतृत्व में दक्षिण सोनारीपुर रेंज के सीमावर्ती गांव बुद्धापुरवा एवं इटैया के प्राथमिक विद्यालयों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अध्यापकगण, स्थानीय लोगों के साथ-साथ इको विकास समिति के लोग भी उपस्थित रहे।
बेलरायां रेंज के समीप गांव पचपेड़ा, रिछिया के ग्राम प्रधान के आवास पर मोटिवेटर नाजरुन निशा द्वारा जन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण एवं बेलरायां रेंज स्टाफ शरीफ अहमद, वन दरोगा, वन रक्षक उपस्थित रहे। जागरूकता कार्यक्रम में मोटिवेटर एवं स्टाफ द्वारा लोगों को वन्य जीवों से बचाव के उपायों पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए।