राजधानी मार्ग सब्जी मंडी स्थित मुख्य मार्ग पर मंगलवार को नगर पालिका गंगाघाट की भूमिगत पाइप लाइन फट गई थी, जिसे देर शाम बना दिया गया था। बुधवार की सुबह जलापूर्ति शुरू होने पर पाइप लाइन फिर से फट गई। इससे चार मुहल्लों की जलापूर्ति ठप हो गई और लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी के पैदल पथ के भूमिगत हिस्से से पालिका की मुख्य पेयजल पाइप लाइन निकाली गई है, जो मंगलवार सुबह फट गई थी, जिसकी मरम्मत की गई। बुधवार को जैसे ही पालिका पंप हाउस से जलापूर्ति चालू की गई तो अधिक प्रेशर पड़ने के कारण मरम्मत हुई पाइप लाइन फिर से फट गई। इससे सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बह गया। जिसकी सूचना पालिका के जलकल प्रभारी पंकज को दी गई। पंप आपरेटर ने सप्लाई बंद कर दी। दो दिनों से मुहल्ला सुभाष नगर, आनंद नगर, राजधानी मार्ग और मार्डन कालोनी की पेयजल आपूर्ति बंद रहने के कारण लोगों को गर्मी के दिनों में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। जलकल प्रभारी का कहना रहा कि मरम्मत कार्य जारी है।