रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आध्यात्मिक गुरु संतोष द्विवेदी हरिहर महाराज का अंतिम संस्कार रविवार को बिठूर स्थित घाट पर किया गया। शनिवार को 80 वर्ष की अवस्था में उनका निधन हो गया था। सुबह श्याम नगर स्थित आश्रम में उनके सैकड़ों भक्त अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उनका पार्थिव शरीर एयरफोर्स के वाहन से श्मशान घाट तक ले जाया गया। जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सुबह 11:40 बजे अंतिम यात्रा हरिहर धाम से निकली। इस दाैरान काफी संख्या में अनुयायी साथ चल रहे थे। 1:10 बजे उनके पौत्र चंद्रमौली मिश्रा ने मुखाग्नि दी। पुलिस ने हरिहर धाम से लगभग 200 मीटर की दूरी पर आने और जाने वाले रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया था। इस माैके पर सीएसजेएमयू के कुलपति विनय पाठक, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, सीएमओ डॉ. उदयनाथ, राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, बेटियां अंजू मिश्रा, संगीता मिश्रा, दामाद गोपीकृष्ण मिश्रा व प्रदीप मिश्रा, डॉ. केवी मिश्र व अनुयायी मौजूद रहे।