बालाजी धाम वार्ड में चहारदीवारी बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। शिकायत पर पहुंची पुलिस पर एक पक्ष ने हमला कर दिया। मारपीट में चार महिलाएं, एसओ समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने नौ नामजद समेत 30 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है। मूसानगर के बालाजी धाम वार्ड के सूरजपुरवा में चहारदीवारी बनाने को लेकर शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दो पक्षों में कहा सुनी हो गई। इस बीच एक पक्ष ने पुलिस बुला ली। पुलिस के पहुंचने पर दूसरा पक्ष हमलावर हो गया। पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर मारपीट कर दी। मारपीट में थानाध्यक्ष मूसानगर एसएन सिंह, उपनिरीक्षक नंदलाल, सिपाही गोविंद व महिला सिपाही आरती घायल हो गए। इधर, घटना से गुस्साए एक पक्ष की महिलाओं ने पुलिस पर अभद्रता, मारपीट का आरोप लगा मनकी घाट रोड पर लेटकर जाम लगा दिया।