राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर में मंगलवार को छात्रों के लिए पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इसमें यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश पांडेय, एपीएन ग्रीन के टेक्निकल एक्सपर्ट शिवांश द्विवेदी और आनंद तिवारी ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने छात्रों को कॅरिअर, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। पैनल चर्चा में अखिलेश चतुर्वेदी, अनूप चतुर्वेदी, शिवार्धन गोस्वामी और पीयूष कुमार मालवीय भी शामिल रहे। विशेषज्ञों ने इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, सिविल और टेक्सटाइल इंजीनियरिंग के छात्रों को नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध कॅरिअर के अवसरों, स्वरोजगार की संभावनाओं और उद्योग की वर्तमान जरूरतों से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने मुख्यमंत्री युवा योजना और प्रधानमंत्री सूर्यमित्र योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और उद्यमिता के अवसर हासिल कर सकते हैं। विशेषज्ञों ने भविष्य में नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता और नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन जैसे विषयों पर शोध की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने छात्रों को इस क्षेत्र में नवाचार और शोध के लिए प्रेरित किया।