केडीए जोन एक-बी के प्रवर्तन दस्ते ने लगातार दूसरे दिन गुरुवार को मैनावती मार्ग में अवैध रूप से दो बीघा जमीन पर अवैध रूप से की गई प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाए। अवैध रूप से बन रहा एक मकान सील कर नौ भवन स्वामियों को नोटिस जारी की। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने मैनावती मार्ग पर जागेश्वर मंदिर के सामने कटरी ख्यौरा क्षेत्र में करीब दो बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त किया। यह कार्रवाई इस जोन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। जांच में सामने आया कि निर्माणकर्ता नंदू सहित अन्य लोग केडीए से ले-आउट, मानचित्र स्वीकृत कराए बिना प्लाटिंग कर रहे थे। इसके बाद दस्ते ने मुखर्जी विहार स्थित प्लॉट नंबर-चार पर बने बेसमेंट, ग्राउंड और दो मंजिला अवैध भवन को सील किया। यह परिसर एसपी गुप्ता व अन्य का बताया गया है, जिसमें लगभग 356 वर्ग गज क्षेत्रफल में निर्माण किया गया था। (