कानपुर में कचहरी रोड, सिविल लाइंस में बुधवार को तेज बारिश के दौरान अचानक गहरी सीवर लाइन का चैंबर बार-बार उठते देख राहगीर ठिठक गए। वाहनों का आवागमन रुक गया। वे अवाक होकर इसे देखते रहे। बाद में स्थिति सामान्य होने के बावजूद लोग उस चैंबर के ऊपर से निकलने से कतराते हुए उधर-उधर से निकले। उधर, जल निगम का मानना है कि गहरी सीवर लाइन में भरी गैस के प्रेशर की वजह से ऐसा हुआ होगा। शाम को तेज बारिश के दौरान सिविल लाइंस स्थित एमजी चौराहे से कचहरी रोड पर कम रफ्तार से वाहन चल रहे थे, तभी अचानक पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पास सड़क के बीचो-बीच स्थित गहरी सीवर लाइन के चैंबर का ढक्कन एक तरफ से अचानक उठा और फिर यथा स्थिति में आ गया। इसके बाद करीब 10 सेकेंड तक बार-बार ऐसा हुआ। यह देख वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक लीं। सभी अवाक होकर इस अप्रत्याशित घटना को देखते रहे।