तेज हवाओं से गुरुवार को कई जगह पेड़ की टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर पड़ीं। इससे 10 मुहल्लों की बिजली आपूर्ति आठ घंटे तक बाधित रही। दोपहर को पहुंची बिजली विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया, तब शाम चार बजे आपूर्ति शुरू हुई। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। सुबह करीब 7:45 बजे नगर के कई हिस्सों में कुछ देर के लिए तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चली। इससे मुहल्ला श्रीनगर, मझरा पीपरखेड़ा, माली कुंआ, आजाद मार्ग, पोनीरोड समेत अन्य कई स्थानों पर पेड़ की टहनियां टूटने के साथ ही छोटी बड़ी होर्डिंग गिर गई। एसडीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अवस्थी फार्म हाउस और श्रीनगर के निकट रोड किनारे से गुजर रही एचटी लाइन पर पेड़ व उसकी टहनियां गिरने से अचानक ब्रेक डाउन हो गया, जिससे दस मुहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मुहल्ला श्रीनगर, ब्रम्हनगर, माली कुंआ, राधे नगर, पोनीरोड,सरजू नगर, परमसुखखेड़ा, अवस्थी फार्म हाउस में सुबह आठ से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित रहे।