यूपी के गोंडा में लापता चारों बच्चे मंगलवार को सकुशल बरामद कर लिए गए। पुलिस और ग्रामीणों ने इन्हें सरसों के खेत से बरामद किया है। मामला खोड़ारे थाना क्षेत्र के ढ़ड़वा कुतुबजोत गांव का है। यहां सोमवार दोपहर बाद चार बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे। बच्चों की उम्र 6 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। एक साथ चार बच्चों के लापता होने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन पूरी रात परेशान रहे। घटना की सूचना पर पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आसपास के घरों, खेतों और तालाबों में पूरी रात तलाश की गई। बच्चों के परिजनों की तहरीर पर खोड़ारे थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सर्च अभियान तेज कराया। पुलिस टीम ने गांव के पास सरसों के खेत में तलाश के दौरान चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस बच्चों के गायब होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।