गाजीपुर में होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में मंगलवार को सियासत गरमा गई। घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मामले में प्रदेश सरकार तथा प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार वर्ष 2023 से सुरक्षा की गुहार लगा रहा था, लेकिन किसी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। सांसद ने परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, मुख्य सचिव समेत कई अधिकारियों को शिकायतें भेजी थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।