एटा में सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए कोतवाली नगर और कोतवाली देहात पुलिस ने एटा-कासगंज रोड स्थित रेलवे अंडरपास के पास संयुक्त भंडारे का आयोजन किया। आर्ष गुरुकुल के सामने आयोजित भंडारे का उद्घाटन एसएसपी डॉ. इलामारन ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद एसएसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया। कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया गया और उन पर पुष्पवर्षा की गई। एसएसपी ने कांवड़ियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित मार्ग से चलने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस टीम ने मौके पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी संभाली। इस दौरान कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पंवार, कोतवाली देहात प्रभारी केके लोधी समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।