बरहनी विकासखंड के गोपालपुर गांव को जाने वाली खड़ंजायुक्त सड़क जर्जर हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कमालपुर–अमड़ा मार्ग से निकलकर रैथा, गोपालपुर, सिरकलपुर और बैरी खुर्द गांवों से होते हुए धीना रेलवे स्टेशन तक जाने वाली यह सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है। गोपालपुर गांव के पास सड़क पर लगे खड़ंजे जगह-जगह उखड़ चुके हैं और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खराब सड़क के कारण कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं।बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। जलभराव होने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय निवासी राधेश्याम तिवारी ने बताया कि सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।