नौगढ़ तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए सौंप दिया गया। समाधान दिवस के दौरान बरवाडीह निवासी रमेश ने जिलाधिकारी के समक्ष गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि भूमि सीमांकन के लिए दिए गए आवेदन पर लेखपाल द्वारा पैसे की मांग की जा रही है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम को कड़ी फटकार लगाई और मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।