चंदाैली के अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित सरकारी तालाब पर हो रहे अतिक्रमण पर शुक्रवार को पीडीडीयूनगर तहसील प्रशासन और नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर का बुलडोजर चला। इसमें तालाब की जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग, बन रहे रास्ते और निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन की उक्त कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के वार्ड नंबर तीन में सरकारी तालाब है। जिस पर कब्जा कर कॉलोनाइजरों की ओर से उस पर रास्ता और अवैध प्लाटिंग की जा रही है। साथ ही आधा दर्जन से अधिक लोगों ने निर्माण भी कराया है। इसकी शिकायत पीडीडीयू नगर तहसील प्रशासन और नगर पालिका परिषद से की गई थी। इसे लेकर शुक्रवार को एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना जेसीबी के साथ विभागीय टीम संग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने तालाब की जमीन पर हुए अतिक्रमण को जमींदोज किया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों और अवैध निर्माण कर्ताओं में हड़कंप मचा रहा। इस बाबत एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चलती रहेगी। अगर किसी भी व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।