कोतवाली के गिराई के पाल बस्ती के राजन मिश्रा के हाते के अंदर में रविवार की सुबह एक नवजात का शव मिलने से सनसनी मच गया। मामले की जानकारी होती ही धीरे-धीरे गांव वालों की भीड़ नवजात को देखने के लिए पहुंचने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार की सुबह गांव की सरोजा देवी पुराने मकान के सामने भूसा निकालने के लिए जब गई तो देखा कि भूंसे के पास नवजात बच्चे का शव था। जिसे कुछ बिल्लियां नोच रही थी। वह घबरा गई और परिजनों को बताया। देखते ही देखते मामला पूरे गांव में फैल गया। गांव के पुरुष व महिलाएं मौके पर पहुंची। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त किया कि आसपास तमाम नर्सिंग होम और अनाधिकृत अस्पतालों की भरमार हो गई है। जिससे ऐसे में किसी ने लोकलाज के भय से नवजात बच्चे के शव को झाड़ियां में रात में फेंका होगा। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि नवजात का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।