एनसीईआरटी ने हाल ही में अपनी किताबों में बदलाव किए हैं, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने नई किताबों में बाबरी मस्जिद का जिक्र हटाने को अफसोसनाक बताया। मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि एनसीईआरटी की 12 वीं कक्षा की किताब में बाबरी मस्जिद और गुजरात के चैप्टर को हटा दिया गया है। इससे पहले मुगल बादशाहों के इतिहास को भी किताब के पन्नों से हटाया गया। साथ ही इस्लाम के उदय के चैप्टर को भी हटा दिया गया है। इस तरह से इतिहास के साथ छेड़छाड़ करना और ऐतिहासिक बातों को किताब से हटाना बहुत ही अफसोसनाक बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के काम करने के तरीकों से ये जाहिर होता है कि एनसीईआरटी में बैठे हुए लोग मुसलमानों के निशानात को मिटाना चाहते हैं। एक खास नजारिया व सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। मगर ये बहुत दिन चलने वाला नहीं है।